गौ सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल: नारायण सिंह चौहान और श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल, बैंगलोर

Jan 19, 2026 - 17:43
Jan 19, 2026 - 17:44
गौ सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल: नारायण सिंह चौहान और श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल, बैंगलोर

बैंगलोर।
भारतीय संस्कृति में गौ माता की सेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। इसी सेवा भावना को अपने जीवन का उद्देश्य बनाकर निरंतर कार्य कर रहे हैं नारायण सिंह चौहान, निवासी ग्राम सुराणा, जिला जालोर (राजस्थान)। वे वर्तमान में श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल, बैंगलोर के अध्यक्ष हैं और एक समर्पित गौ भक्त एवं समाजसेवी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं।

उनके नेतृत्व में श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल वर्ष 2017 से गौ सेवा के क्षेत्र में निरंतर और सहरानीय कार्य कर रहा है। नारायण सिंह चौहान का मानना है कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। इसी विचारधारा के साथ उन्होंने बैंगलोर जैसे महानगर में गौ सेवा को एक संगठित और प्रभावी स्वरूप प्रदान किया।

मंडल का मुख्य उद्देश्य बेसहारा, बीमार एवं घायल गायों की सेवा, संरक्षण और समुचित देखभाल करना है। इसके अंतर्गत गौ माता के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था, नियमित चारा-पानी तथा आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाता है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल गायों का उपचार, शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भटक रही गायों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाना, तथा गर्मी व सर्दी के मौसम में विशेष सेवा अभियान चलाना मंडल की प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं।

इसके साथ ही समाज में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। नारायण सिंह चौहान के नेतृत्व की विशेषता यह है कि वे स्वयं सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं और अपनी टीम को भी सेवा भावना से प्रेरित करते हैं।

मंडल के सभी सदस्य निस्वार्थ भाव से गौ माता की सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल, बैंगलोर आज न केवल कर्नाटक बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी गौ भक्तों के बीच एक विश्वसनीय और प्रेरणादायी संस्था के रूप में पहचाना जाता है।

स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और गौ भक्तों द्वारा मंडल के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। अनेक लोग आर्थिक सहयोग, चारा दान एवं स्वैच्छिक सेवा के माध्यम से मंडल से जुड़ रहे हैं, जिससे गौ सेवा को और अधिक सशक्त बल मिल रहा है।

निस्संदेह, नारायण सिंह चौहान और श्री शांतिनाथजी गौ भक्त मंडल, बैंगलोर द्वारा किया जा रहा यह कार्य समाज में करुणा, सेवा और सह-अस्तित्व का सशक्त संदेश देता है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनुकरणीय प्रेरणा बनता है।

Hanuman Meena Author and Journalist Business News | hanumanmeena@lakshaymedia.com