जोधपुर में भारत-जापान की वायुसेनाओं का शक्ति प्रदर्शन, एयर चीफ ने किया संयुक्त अभ्यास का निरीक्षण
जोधपुर। भारत और जापान की वायुसेनाओं के बीच चल रहे संयुक्त हवाई अभ्यास ‘वीर गार्जियन-2026’ के चलते जोधपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय रक्षा गतिविधियों के केंद्र में है। रविवार को जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता मौजूद रहे।
दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच यह द्विपक्षीय अभ्यास 22 सितंबर तक जारी रहेगा। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के लड़ाकू विमान संयुक्त परिचालन और हवाई युद्ध से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
जोधपुर में जुटे दोनों देशों के प्रमुख अधिकारी
अभ्यास में भारतीय वायुसेना की ओर से तेजस, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं। वहीं जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स की ओर से एफ-2ए लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं।
जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित इस अभ्यास से दोनों देशों की वायुसेनाओं को एक-दूसरे की संचालन प्रक्रियाओं और रणनीतिक क्षमताओं को समझने का अवसर मिल रहा है।
पश्चिमी राजस्थान के लिए भी अहम आयोजन
जोधपुर देश के प्रमुख वायुसेना केंद्रों में शामिल है। ऐसे में यहां भारत-जापान जैसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास का आयोजन पश्चिमी राजस्थान की रणनीतिक और रक्षा क्षेत्र में भूमिका को भी रेखांकित करता है।
अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय, आपसी समझ और संयुक्त क्षमता को मजबूत करना है।