रक्षकों को बांधा रक्षा सूत्र, पुलिस जवानों के साथ मनाया रक्षाबंधन
जोधपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समाज सेवा की अनूठी पहल करते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज जोधपुर की टीम ने शास्त्रीनगर पुलिस थाने में पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष सेवा कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी गई और मिठाई खिलाकर उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीम की सदस्यों ने पुलिस जवानों को देश और समाज के रक्षक के रूप में सम्मानित करते हुए उनसे रक्षा का वचन लिया। साथ ही सभी सदस्यों ने अपने पुलिस भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान थाने में भावनात्मक और आत्मीय माहौल देखने को मिला।
पुलिस जवानों ने रक्षाबंधन के अवसर पर निरूपा पटवा को 2100 रुपये का लिफाफा भेंट किया। निरूपा पटवा ने इस राशि को व्यक्तिगत रूप से स्वीकार करने के बजाय तत्काल इसे गौशाला में दान करने का निर्णय लिया। उनकी इस पहल की सभी ने सराहना की।
उपनिरीक्षक शैतान चौधरी ने कहा कि जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज की सदस्यों ने थाने में ऐसा आत्मीय और मनमोहक वातावरण बनाया कि सभी पुलिस भाई भाव-विभोर हो गए। उन्होंने टीम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस और समाज के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में नीलू शर्मा, शोभा मोदी, संतोष लुनकर, अनीता अरोड़ा, डॉ. त्रिफेना मेसी, अंकिता परिहार, विनीता कुलश्रेष्ठ सहित ग्रुप की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। इस अवसर पर आने वाले समय में ग्रुप की ओर से किए जाने वाले विभिन्न सेवा कार्यों को लेकर भी सदस्यों के बीच विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में सीआई दिनेश लखावत, उपनिरीक्षक शैतान चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक चेतन कुमार, सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाशचंद्र, सहायक उपनिरीक्षक मजीद खान, सहायक उपनिरीक्षक थानाराम, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल, हेड कांस्टेबल जब्बरसिंह, कांस्टेबल हर्ष देवड़ा, दिनेश विश्नोई, निरमा, महेंद्र, प्रकाशचंद्र, हेमाराम सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन के लिए फेडरेशन ऑफिसर निरूपा पटवा और जायंट्स ग्रुप ऑफ रॉयल लेडीज जोधपुर की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।