मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी- लालसोट के समेल गांव में मोरेल नदी पर 22.80 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा एनिकट

मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी- लालसोट के समेल गांव में मोरेल नदी पर 22.80 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा एनिकट
जयपुर, 25 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने दौसा जिले की लालसोट तहसील के समेल गांव में मोरेल नदी पर एनिकट बनाने के लिए  22.80 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
 
श्री गहलोत की इस मंजूरी से एनिकट के आस-पास के क्षेत्र का भूजल स्तर बढ़ेगा। इससे समेल, होद्याली, मांडलिया, रूपपुरा, जगसरा, गुर्जरहेड़ा तथा गुमानपुरा गांवों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा। साथ ही अन्य कार्यों के लिए भी पानी का इस्तेमाल किया जा सकेगा। 
उल्लेखनीय है कि श्री गहलोत ने बजट भाषण 2022-23 में प्रदेश में सिंचाई के जल की उपलब्धता के लिए विभिन्न कार्यों की घोषणा की थी, जिसके क्रियान्वयन में उक्त प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।