जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा पर अटकलें जारी

जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा पर अटकलें जारी

कांग्रेस ने मंगलवार को प्रत्याशियों की दो सूचियां जारी कर दी, लेकिन जोधपुर जिले में अभी तक केवल बिलाड़ा विधानसभा में ही कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि भोपालगढ़ में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारे हैं, लेकिन भाजपा ने अभी तक प्रत्याशी नहीं उतारा है। दरअसल, जोधपुर जिले में प्रत्याशियों को घोषित करने में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे की सूचियों का इंतजार कर रही हैं, लेकिन प्रत्याशियों की इससे धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। आए दिन टिकटों को लेकर नए-नए कयास लगाए जा रहे हैं। इधर, भाजपा अपनी दो सूची जारी कर चुकी है। बाकी नामों पर अभी मोहर लगना बाकी है, जो संभवतया एक नंवबर को जारी हो सकती है।

कांग्रेस: 4 सीट बाकी
जोधपुर जिले में अशोक गहलोत के साथ शहर विधानसभा से मनीषा पंवार, लूणी से महेंद्र विश्नोई, ओसियां से दिव्या मदेरणा, बिलाड़ा से मोहनलाल कटारिया और भोपालगढ़ से गीता बरवड़ को मैदान में उतारा है। जबकि सूरसागर, शेरगढ़, फलौदी, लोहावट से प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।

भाजपा: 8 सीट बाकी
इधर, भाजपा ने अब तक जोधपुर जिले में केवल दो ही प्रत्याशी उतारे हैं। इसमें सूरसागर से देवेंद्र जोशी और बिलाड़ा में अर्जुनलाल गर्ग हैं। शेष आठ सीटों पर दावेदारी जता रहे उम्मीदवारों को अब तक भाजपा की सूची का इंतजार है।