सागवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में सीवरेज एवं पेयजल योजना पर 119 करोड़ रूपए होंगे खर्च- स्वायत्त शासन मंत्री सागवाड़ा नगरपालिका कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण, विकास कार्यों की मिली सौगात

सागवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में सीवरेज एवं पेयजल योजना पर 119 करोड़ रूपए होंगे खर्च- स्वायत्त शासन मंत्री सागवाड़ा नगरपालिका कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण, विकास कार्यों की मिली सौगात

जयपुर, 19 फरवरी। सागवाड़ा नगरपालिका के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल और कार्यक्रम के अध्यक्ष राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में केबिनेट मंत्री श्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय, जनजाति क्षेत्र विकास राज्य मंत्री श्री अर्जुन सिंह बामनिया, पूर्व सांसद श्री ताराचंद भगोरा, समाजसेवी श्री दिनेश खोड़निया, सागवाड़ा नगरपालिका चेयरमैन नरेंद्र खोड़निया आदि समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर अतिथियों ने सागवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में दो वर्ष के कार्यकाल में हुए विभिन्न विकास कार्यों पर आधारित बुकलेट दो साल बेमिसाल का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को स्टेट ग्रांट एक्ट के पट्टे, इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत स्वीकृत राशि के चेक वितरण और सरस डेयरी बूथ आवंटन पत्र भी बांटे गए।

 दो साल में बदली सागवाड़ा की सूरत- श्री धारीवाल

     स्वायत्त शासन मंत्री श्री धारीवाल ने कहा कि वर्तमान नगरपालिका के दो वर्ष के कार्यकाल में सागवाड़ा की सूरत बदल चुकी है। ये दो साल बेमिसाल रहे हैं और आने वाले दिनों में भी इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सागवाड़ा शहर में एकीकृत जलप्रदाय व सीवरेज परियोजना के लिए 119 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत गैस गोदाम के पास 1200 केएल क्षमता का स्वच्छ जलाशय का निर्माण कराया जाएगा। नगर पालिका सागवाड़ा क्षेत्र में पानी की सप्लाई के लिए 7.49 किमी ट्रांसमिशन लाइन के पाइप डाले जाएंगे। 

तालाबों की बदलेगी तस्वीर, संभाग में पट्टा वितरण में सबसे आगे- श्री शांति धारीवाल

     श्री धारीवाल ने कहा कि सागवाड़ा शहर के पांचों तालाबों की आने वाले दिनों में तस्वीर बदलने वाली है। इन तालाबों के किनारे वॉकिंग ट्रेक, गार्डन और फाउंटेन सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य करवाए जाएंगे। लाइटिंग और पाल का सुदृढ़ीकरण होगा। प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत पट्टा वितरण में उदयपुर संभाग में सागवाड़ा नगरपालिका पहले नंबर पर है। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत प्रतिदिन 600 से अधिक श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा है। सागवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में 20 किमी. सड़कों का सृदृढ़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। शहर की 13 सड़कों का नवीनीकरण हो चुका है।

     श्री धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने हाल ही राज्य बजट पेश किया है। इस बजट में हर वर्ग के लिए जो घोषणाएं की गई हैं, उनकी चर्चा पूरे देश में है। कई राज्यों में बजट का अध्ययन करवाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री जी का सेवा ही कर्म, सेवा ही धर्म का संदेश हुआ साकार- श्री रामलाल जाट

राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी का सेवा ही कर्म, सेवा ही धर्म का संदेश सागवाड़ा में साकार करके दिखाया है। बजट में हर घर 100 यूनिट बिजली फ्री, किसानों के लिए 2 हजार यूनिट बिजली फ्री, चिरंजीवी योजना में 25 लाख तक का इलाज, 500 रूपये में गैस सिलेंडर, 1 हजार रूपए न्यूनतम पेंशन सहित ऎसी कई घोषणाएं हैं, जिसमें हर वर्ग का खयाल रखा गया है।

हर वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध- श्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय

जल संसाधन मंत्री श्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय ने कहा कि जिस तरह कोटा में विकास कार्यों को देखकर लगता है कि दुबई में आ गए हो, उसी तरह आने वाले दिनों सागवाड़ा में भी उसी स्तर के विकास कार्य देखने को मिलेंगे। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी ने बच्चे के जन्म से लेकर उसके विवाह और मृत्यु के बाद तक के लिए व्यवस्था की है। पढ़ाई, रोजगार और सुरक्षित भविष्य की गारंटी देने वाली योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने डूंगरपुर-बांसवाड़ा क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कसर नहीं आने दी। मुख्यमंत्री जी का वागड़ क्षेत्र के प्रति विशेष स्नेह है।

इन विकास कार्यों की दी सौगात

     हुमड़पुरम में कॉलेज भवन का नामकरण और वाचनालय तथा मुख्यद्वार का शिलान्यास सहित सागवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्यान, श्री नागेन्द्र सिंह उद्यान, स्वागत द्वार, पक्षी घर, आई लव सागवाड़ा पॉइंट, मोक्षधाम में मानव चक्र व श्रवण कुमार स्टेच्यु, 11 वार्डों में सौर ऊर्जा चलित पानी के क्लस्टर आदि विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इससे पहले स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल और राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट, केबिनेट मंत्री श्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय, जनजाति क्षेत्र विकास राज्य मंत्री श्री अर्जुन सिंह बामनिया के सागवाड़ा आगमन पर हैलीपेड पर जिला कलक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री, समाजसेवी श्री दिनेश खोड़निया, सागवाड़ा नगरपालिका चेयरमैन श्री नरेंद्र खोड़निया तथा अन्य अधिकारियों ने स्वागत अभिनंदन किया।