धांधिया के रेंदड़ी गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, जोगाराम पटेल बोले— “हरियाळो राजस्थान अभियान बन रहा जनआंदोलन”

‘मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान - हरियाळो राजस्थान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत धांधिया के ग्राम रेंदड़ी (पंचायत समिति लूणी, जोधपुर) में शनिवार को एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
"पर्यावरण संरक्षण की ओर एक हरित क्रांति" — जोगाराम पटेल
इस मौके पर मंत्री श्री पटेल ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई हरित क्रांति की शुरुआत हुई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान – हरियाळो राजस्थान अब केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि एक सशक्त जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें आमजन, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण सभी समर्पित रूप से भागीदारी निभा रहे हैं।
मंत्री श्री पटेल ने यह भी जानकारी दी कि महज चार महीनों में ही 7 करोड़ 77 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि राजस्थान के ग्रीन कवर को बढ़ाने की दिशा में एक दूरदर्शी और स्थायी पहल है।
"भारतीय संस्कृति का मूल है प्रकृति संरक्षण"
मंत्री श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन भारतीय संस्कृति की आत्मा में निहित है। पेड़-पौधे केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि हमारी जीवनशैली, कृषि, जलचक्र और जैव विविधता का आधार भी हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से हरियाळो राजस्थान अभियान से जुड़ने और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी सांसें हैं।